उत्तर प्रदेश

एक्सिस बैंक में लाखों की धोखाधड़ी, मैनेजर समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Shantanu Roy
12 Sep 2022 11:21 AM GMT
एक्सिस बैंक में लाखों की धोखाधड़ी, मैनेजर समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज
x
बड़ी खबर
महराजगंज। जिले के एक्सिस बैंक की एक शाखा में लाखों की धोखाधड़ी का मामला समाने आया है। दो युवतियों द्वारा पुलिस को मिली जानकारी के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बैंक मैनेजर समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक धोखाधड़ी 2021 से शुरू की गई थी, जिसकी जानकारी अब हुई है। जालसाजों ने युवतियों के नाम पर फर्जी एकाउंट खोलकर साइबर ठगी को अंजाम दिया है। आगे की जांच की जा रही है। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र की सवरेजी गांव की ममता और दुबौली की मोनिका ने पुलिस को जानकारी दी कि 2021 में वह दोनों एक कंप्यूटर सेंटर में क्लास करती थी। उस दौरान नगर में संचालित आरयू लोन्स नामक फाइनेंस कंपनी के बारे में पता चलने पर वह दोनों वहां नौकरी के लिए गई। वहां तैनात चार लोगों ने ज्वाइनिंग करवाकर एक्सिस बैंक के मैनेजर और अंकित नाम के एक कर्मचारी ने बिना जानकारी दिए खाता खुलवाया। इसके एक महीने बाद उस संस्था के कर्मचारी अचानक कार्यालय को बंद करके फरार हो गए।
ऐसे हुई जालसाजी की जानकारी
युवतियों को उस समय इस तरह की किसी भी धोखाधड़ी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब 1 सितंबर 2022 को गुजरात, बनारस, हरियाणा की पुलिस इन युवतियों के घर पहुंची तो पता चला कि एक्सिस बैंक में उनके नाम से खाता खुला है और उस खाते से 67 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अन्य राज्यों की पुलिस के पहुंचने के बाद युवतियों ने पुलिस को सारी जानकारी दी और बताया कि नौकरी के झांसे में एक संस्था ने एक्सिस बैंक में खाता खोलकर 67 लाख रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। खातों के माध्यम से बनारस, गुजरात, हरियाणा में साइबर ठगी कर जालसाजों ने रुपए मंगाए थे। पुलिस ने युवतियों की तहरीर पर एक्सिस बैंक के तत्कालीन मैनेजर समेत छह लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
Next Story