- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Job के नाम पर करोड़ों...
Job के नाम पर करोड़ों की ठगी, मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Meerut मेरठ : मेरठ साइबर सेल और थाना नौचंदी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी स्पा, मसाज होम सर्विस और टूर एंड ट्रैवल कंपनी के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के कथित मास्टरमाइंड यूनुस और उसकी महिला सहयोगी लिजा को गिरफ्तार किया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी यूनुस अपनी असली पहचान छिपाकर ‘अभिराज’ नाम से फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था। इसी पहचान के जरिए वह स्थानीय युवाओं को नौकरी और कमाई का झांसा देकर अपने नेटवर्क से जोड़ता था और पूरे ठगी के कारोबार को संचालित करता था।
गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और जस्टडायल जैसी वेबसाइटों पर फर्जी स्पा और मसाज होम सर्विस के आकर्षक विज्ञापन डालते थे। जब कोई ग्राहक संपर्क करता था तो उसे बुकिंग के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर अलग-अलग बैंक खातों में एडवांस राशि जमा कराई जाती थी। भुगतान के बाद न तो कोई सेवा दी जाती थी और न ही पैसा वापस किया जाता था।इसके अलावा आरोपियों ने ‘यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल’ नाम से फर्जी कंपनी बनाकर तीर्थ यात्रा और हज यात्रा का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की। पीड़ितों से प्रति व्यक्ति एक से दो लाख रुपये तक वसूले जाते थे, लेकिन बाद में किसी भी यात्रा की व्यवस्था नहीं की जाती थी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह गिरोह पिछले दो वर्षों में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। हालांकि पुलिस अब पूरे लेन-देन और रकम का विस्तृत सत्यापन कर रही है।संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.16 लाख रुपये नकद, एक बलेनो कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। लैपटॉप और डिजिटल उपकरणों की जांच में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था।फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में जांच को आगे बढ़ा रही है।





