उत्तर प्रदेश

केवाईसी के नाम पर 5.25 लाख की ठगी

Admin4
9 July 2023 11:27 AM GMT
केवाईसी के नाम पर 5.25 लाख की ठगी
x
वाराणसी। साइबर जालसाज लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। आदमपुर के हनुमान फाटक निवासी बुजुर्ग को बैंक का ऐप बंद होने का डर दिखाकर केआईसी व पैन अपडेट करने के नाम पर सवा पांच लाख रुपये ठग लिए। भुक्तभोगी ने सारनाथ साइबर थाने में शिकायत की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साइबर जालसाजों के खाते में पड़े चार लाख 45 हजार 563 रुपये फ्रिज करा दिए हैं।
हनुमान फाटक निवासी उमाशंकर के मोबाइल पर एक नंबर से लिंक आया। इसके बाद एक मैसेज आया कि केआईसी व पैन अपडेट करा लीजिए, वरना खाते का योनो ऐप ब्लाक कर दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने लिंक खोलकर बैंकिंग आईडी, पासवर्ड व ओटीपी भर दिया। इसके बाद खाते से 24 हजार 999 रुपये कट गए। फिर उमाशंकर के मोबाइल पर फोन आया कि आपका का केवाईसी अपडेट नहीं हुआ है, उसे दोबारा से करिए, पैसा वापस हो जाएगा।
फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई मुख्यालय का सीनियर मैनेजर मोहित शर्मा बताया। कहा कि केवाईसी अपडेट करते ही पैसे वापस हो जाएंगे। दोबारा मोबाइल पर लिंक भेजा। उसे क्लिक करते ही खाते से चार लाख 99 हजार 999 रुपये कट गए। प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल विजय नारायण मिश्रा ने बताया कि जालसाज के खाते में चार लाख 45 हजार 563 रुपये फ्रिज कर दिए गए हैं। उसकी रिकवरी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story