उत्तर प्रदेश

फोन-पे के माध्यम से वृद्ध से 32 लाख का फ्रॉड

Admin4
9 Aug 2023 1:57 PM GMT
फोन-पे के माध्यम से वृद्ध से 32 लाख का फ्रॉड
x
रामपुर। दूर दराज के रिश्तेदार ने वृद्ध से नजदीकियां बढ़ाकर करीब 32 लाख रुपये हड़प लिए। जानकारी मिलते ही बुजुर्ग के होश उड़ गए। इस मामले में उसने थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर रिश्तेदार समेत दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
टांडा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सेंटाखेड़ा निवासी जमीरूल हसन का कहना है, करीब 70 साल की उम्र हो चुकी है। जिसके चलते वह हमेशा बीमार रहता है। उसकी पत्नी की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। न ही कोई बेटा और न ही कोई बेटी है। घर का खर्चा चलाने के लिए वृद्ध ने कुछ समय पहले पांच बीघा जमीन 32 लाख की बेची थी। उसके बाद उसने खाते में जमा कर दिए थे। इस तरह से उसके खाते में करीब 32 लाख 47 हजार रुपये पड़े थे।
इस दौरान उसके पास का ही रहने वाला रिश्तेदार ने दंपति से नजदीकियां बढ़ा लीं। जिसके बाद उनके घर का सारा काम काज करने लगा। उनके साथ बैंक के लेन देन में भी साथ जाने लगा। पीड़ित समय-समय पर घर का खर्चा चलाने के लिए बैंक जाकर पैसे निकालकर लाता था। 15 मार्च 2021 से 22 जून 2023 तक सात से आठ बार पैसे निकाले। जब कुछ दिन के बाद वृद्ध ने बैंक में जाकर पैसे निकाले तो उसको पता चला कि उसके खाते में 55 हजार रुपये ही रहे गए हैं।
जानकारी से पता चला कि रिश्तेदार महबूब अहमद ने अपना मोबाइल नंबर लगाकर फोन-पे के माध्यम से सारे पैसे निकाल लिए। अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। बाद में पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। जिसके आधार पर टांडा पुलिस ने महबूब अहमद और एक अज्ञात व्यक्ति सहित दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Next Story