उत्तर प्रदेश

Bareilly में ठगी गैंग का पर्दाफाश, नकली जेवर देकर लाखों हड़पने वाले तीन गिरफ्तार

Ratna Netam
1 July 2026 8:55 PM IST
Bareilly  में ठगी गैंग का पर्दाफाश, नकली जेवर देकर लाखों हड़पने वाले तीन गिरफ्तार
x

Bareilly बरेली : जिले में थाना किला पुलिस ने नकली आभूषण देकर असली जेवर और लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सुनारों और आभूषण कारोबारियों को निशाना बनाकर बड़ी ठगी को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले पीड़ितों को विश्वास में लेते थे और उनसे असली सोने-चांदी के आभूषणों का लेन-देन करते थे। इसके बाद उन्हें नकली सोने की परत चढ़े आभूषण देकर बदले में असली जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।इस मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना किला क्षेत्र के जकाती मोहल्ला निवासी विपिन कुमार रस्तोगी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उन्हें भरोसे में लेकर 190 ग्राम वजन के 19 नकली सोने के पेंडल दिए और बदले में करीब 20 लाख रुपये नकद, चांदी की पायल, चेन, सोने की अंगूठियां सहित अन्य कीमती आभूषण ले लिए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 5 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और सूचनात्मक आधार पर गिरोह के सदस्यों की पहचान की और उन्हें दबोच लिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। साथ ही इनके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।थाना किला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के आभूषण व्यापारियों में राहत की भावना है, वहीं पुलिस आगे की जांच में गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Next Story