उत्तर प्रदेश

लिफ्ट हादसे में चार और घायलों ने तोड़ा दम

Admin Delhi 1
16 Sep 2023 9:23 AM GMT
लिफ्ट हादसे में चार और घायलों ने तोड़ा दम
x
मृतकों की संख्या हुई 8

नॉएडा न्यूज़: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना इलाके में शुक्रवार को हुए लिफ्ट हादसे में चार और घायलों की मौत हो गई है। इस प्रकार मृतकों की संख्‍या आठ हो चुकी है। अस्‍पताल में भर्ती एक अन्‍य घायल कैफ की हालत नाजुक बनी हुई है। बिसरख थाना इलाक़े के निर्माणाधीन सोसायटी आम्रपाली ड्रीम वैली में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया था। बिल्डिंग में लिफ्ट गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी थी। पांच लोग घायल हो गए थे। शनिवार सुबह इलाज के दौरान चार अन्य घायल लोगों ने दम तोड़ दिया।

इस प्रकार हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या आठ हो गयी। मजदूरों का आरोप है कि अधिकारियों ने सुरक्षा के उपकरणों का भी पर्याप्त बंदोबस्त नहीं किया गया था। हादसे के बाद मजदूर हादसाग्रस्त लिफ्ट में तड़पते रहे। उनका कहना है कि चीख पुकार सुनकर पहुंचे अन्य श्रमिकों की मदद से लगभग आधे घंटे बाद उन्हें निकालकर अस्पताल ले जाया गया। मजदूरों का कहना है कि समय पर उपचार मिलता तो शायद चार मजदूरों की जान नहीं जाती। निर्माणाधीन साइट पर ऊंचाई पर काम करने के बावजूद मजदूरों की सुरक्षा के लिए न तो जाल लगाया गया था और न ही प्राथमिक उपचार व एंबुलेंस की कोई व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा बेल्ट और टोपी भी पर्याप्त मात्रा में मजदूरों को नहीं दी जाती थीं।

साइट पर एंबुलेंस न होने के कारण घायलों को निजी वाहनों में जिला अस्पताल तक ले जाया गया। इसके चलते उन्हें रास्ते में भी उपचार नहीं मिल सका। पुलिस के मुताबिक हादसे को छुपाने की भी कोशिश की। हादसे के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। हादसा सुबह लगभग 8:24 मिनट पर हुआ। लेकिन हादसे की सूचना 10:12 मिनट पर बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत को सीयूजी नंबर पर अस्पताल से मिली। अनिल राजपूत ने इस मामले में आरोपी अधिकारियों पर केस दर्ज कराया है।

दसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीएम से जानकारी हासिल की थी और जिम्‍मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात की थी। इसके बाद पूरे प्रोजेक्ट को सील कर दिया गया था और एनबीसी के जीएम समेत कंस्ट्रक्शन करने वाली कंपनी के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है। हादसे में इस्ताक अली, अरुण तांती मंडल, विपोत मंडल, आरिस खान, असुल मुस्तकीम, अब्दुल मुस्तकीम, कुलदीप पाल और अरबाज अली की मौत हो गई है। हादसे में एकमात्र बच्चे कैफ की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

Next Story