- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बिकरू कांड के गुनहगार...
उत्तर प्रदेश
बिकरू कांड के गुनहगार विकास की मदद करने में चार दरोगा, दो सिपाही को वृहद दंड
Rani Sahu
4 Sep 2022 8:17 AM GMT

x
कानपुर। बिकरू कांड के गुनहगार विकास दुबे (Vikas Dubey) की मदद करने में छह और पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। चार दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ वृहद दंड की कार्रवाई की गई है। जिसके बाद अब इन सभी को न्यूनतम वेतनमान ही मिलेगा। इससे पहले भी विकास दुबे की मदद करने में चौबेपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी विनय तिवारी (Vinay Tiwari) और बिकरू के हल्का प्रभारी केके शर्मा (KK Sharma) को बर्खास्त किया जा चुका है।
विभागीय जांच चल रही थी
बिकरू कांड में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही थी। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय की जांच रिपोर्ट के बाद दोषी पाए गए चार दारोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ न्यूनतम वेतनमान दिए जाने की सजा तय हुई। यह कार्रवाई वृहद दंड की धारा 14 (1) के तहत की गई है। छह आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय आनंद कुलकर्णी कर रहे थे।
शासन को भेजी थी रिपोर्ट
अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय ने दारोगा कुंवर पास सिंह, अजहर इशरत, अवनीश कुमार, विश्नाथ मिश्रा, सिपाही अभिषेक और प्रशिक्षु सिपाही राजीव कुमार के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी थी। जिसमें सभी के खिलाफ वृहद दंड की कार्रवाई करते हुए न्यूनतम वेतन मान का दंड स्वीकृत हुआ है।
दो जुलाई 2020 को बिकरू में बहा था खून
कानपुर देहात के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात विकास दुबे व उसके साथियों के हमले में सीओ बिल्हौर समेत आठ पुलिसकर्मी बलिदान हो गए थे। बाद में पुलिस ने विकास दुबे समेत छह आरोपितों को एनकाउंटर में मार गिराया था। जांच में सामने आया था कि बड़ी संख्या में ऐसे पुलिसकर्मी थे जिन्होंने पूरे घटनाक्रम में लापरवाही बरती और कई ऐसे थे जो विकास दुबे के मददगार थे। जांच में दोषी पाए गए आठ पुलिसकर्मियों पर वृहद दंड की सजा तय हुई थी।
Next Story