उत्तर प्रदेश

वनरक्षक को ट्रैक्टर में फंसाकर दूर तक घसीटा

Admin4
23 March 2023 10:25 AM GMT
वनरक्षक को ट्रैक्टर में फंसाकर दूर तक घसीटा
x
कलीनगर। वन भूमि पर खड़ी गन्ने की फसल (राजकीय संपत्ति) को काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली में लादने की सूचना पर छापा मारने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला हो गया। फसल काट रहे दबंगों ने मारपीट की। वनरक्षक को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश कर डाली। ट्रैक्टर के कैच व्हील में फंसकर काफी दूर तक वनरक्षक घसिटता चला गया। माधोटांडा पुलिस ने मामले में चार नामजद व दो अज्ञात पर बलवा, जानलेवा हमला, सरकारी कर्मी पर हमला समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
बराही सेक्शन प्रभारी वन दरोगा वशिष्ट कुमार ने थाना माधोटांडा में दी गई तहरीर में बताया कि 21 मार्च की शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि ग्राम मझारा स्थित वन भूमि पर लगा गन्ना काटकर कुछ लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए वह वनरक्षक अभिषेक, समान वेतन कर्मी संदीप मंडल, दैनिक श्रमिक भरत कुमार के साथ बाइकों पर सवार होकर मौके पर पहुंच गए। वहां पर राजकीय संपत्ति घेाषित गन्ने की फसल को आरोपी काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहे थे। टीम ने जब ऐसा करने से रोका तो फसल काटने वाले गाली गलौज करने लगे। मारने की धमकी देते हुए हमला बोल दिया। वनकर्मियों से मारपीट की गई। कहा कि वनकर्मियों को मार डालो। उसके बाद दो हमलावरों ने वनरक्षक अभिषेक को पकड़ लिया और ट्रैक्टर के सामने ले गए। फिर कुचलने की कोशिश करते हुए ट्रैक्टर चला दिया और उसके सामने अभिषेक को फेंक दिया। ट्रैक्टर की टक्कर लगने से अभिषेक साइड में गिर गए। ट्रैक्टर की कैच व्हील में फंसकर काफी दूर तक वनकर्मी अभिषेक घसिटते चला गया और गंभीर चोटें आईं। वर्दी भी फट गई। उसके बाद बाइक को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी तरह भागकर वनकर्मियों ने अपनी जान बचाई। विभागीय अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया।
माधोटांडा पुलिस ने ग्राम मझारा ताल्लुके महाराजपुर के निवासी अंबर सिंह, अंकित सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, राना सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 307, 332, 353, 427, 504, 506 आईपीसी व सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। वन दरोगा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट की मानें तो हमलावरों ने दबंगई पर उतारु थे। वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश करने के साथ ही अवैध असलहों से जमकर फायरिंग भी की गई। जिससे दहशत बनी रही। अगर वह बचकर न भागते तो हमलावर उनकी जान ले लेते।
घटना की तहरीर मिलने पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच कराई जा रही है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम लगाई है। - सुरेंद्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर माधोटांडा।
Next Story