उत्तर प्रदेश

शिल्पियों के उत्थान पर जोर, मुजफ्फरनगर में माटीकला कार्यक्रम का आयोजन

Ratna Netam
25 July 2026 5:02 PM IST
शिल्पियों के उत्थान पर जोर, मुजफ्फरनगर में माटीकला कार्यक्रम का आयोजन
x

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे "माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा" के तहत शनिवार को रुड़की रोड स्थित कम्बल कारखाना परिसर में माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला बोर्ड की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना, मिट्टी से बने उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना और माटी शिल्पियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत मुजफ्फरनगर के प्रशासक अध्यक्ष डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर खटीक ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद माटी शिल्पियों और लाभार्थियों को संबोधित करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, निशुल्क टूल-किट वितरण योजना, कौशल विकास योजना, विपणन विकास सहायता योजना, माइक्रो माटीकला कॉमन फैसिलिटी सेंटर, माटीकला पुरस्कार योजना और आंकड़ा संग्रहण एवं पंजीकरण योजना सहित कई योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

अधिकारियों ने माटी शिल्पियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पारंपरिक माटीकला को नई दिशा दी जा सकती है और इससे शिल्पियों की आय में भी वृद्धि हो सकती है।

सरकारी योजनाओं से जुड़कर व्यवसाय को बढ़ाएं: मीनाक्षी स्वरूप

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि माटीकला से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से शिल्पियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के कई माटी शिल्पी मेहनत और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति कर रहे हैं।

उन्होंने शिल्पकारों से विभागीय अधिकारियों के संपर्क में रहने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के माध्यम से अपने रोजगार और व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

अंत्योदय की भावना से हो रहा माटी शिल्पियों का विकास: डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. वीरपाल सिंह निर्वाल ने कहा कि माटीकला बोर्ड की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी, जब पात्र लाभार्थी उनका सही तरीके से उपयोग करेंगे।

उन्होंने माटी शिल्पियों से आत्मनिर्भर बनने और सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने हुनर को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा दे रही सरकार: सुधीर खटीक

विशिष्ट अतिथि सुधीर खटीक ने कहा कि सरकार पारंपरिक कुटीर उद्योगों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने माटी शिल्पियों से अपील की कि वे माटीकला बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेकर अपने उत्पादों को नई पहचान दिलाएं और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।

कार्यक्रम के अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, माटी शिल्पियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक शिल्पकार सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।

इस अवसर पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के प्रबंधक, ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में माटी शिल्पी, उद्यमी और लाभार्थी मौजूद रहे।

Next Story