- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Firozabad: लखनऊ...
Firozabad: लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए कार हादसा में तीन की मौत हुई

फिरोजाबाद; नसीरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक और घायल महाकुंभ स्नान के बाद दिल्ली लौट रहे थे।
यह दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 52.600 किलोमीटर के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे वह बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस व रेस्क्यू टीम ने बचाए घायलों को
सूचना मिलते ही यूपीडा टीम और थाना नसीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
मृतकों की पहचान
1. कुणाल (35), निवासी आजादपुर, दिल्ली
2. प्रेमलता कुमारी (25), निवासी नवादा, बिहार
3. रंजीत (45), निवासी नवादा, बिहार
घायलों की पहचान
1. रूपा देवी (40), पत्नी कुणाल, निवासी आजादपुर, दिल्ली
2. रीता देवी, पत्नी रंजीत
3. माधव (23), चालक, निवासी मुजफ्फरनगर
घायलों का इलाज जारी
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अखिलेश भदौरिया ने बताया कि कार अज्ञात वाहन से टकराने के कारण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





