उत्तर प्रदेश

Firozabad: पशु चोरों को पकड़ने गई पुलिस से मुठभेड़, चार आरोपित गिरफ्तार

Admindelhi1
15 Aug 2026 3:01 PM IST
Firozabad: पशु चोरों को पकड़ने गई पुलिस से मुठभेड़, चार आरोपित गिरफ्तार
x
पशु चोरी के आरोपितों पर कसा शिकंजा, मुठभेड़ में चार गिरफ्तार

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नारखी पुलिस एवं एसओजी टीम ने शुक्रवार बीती देर रात्रि में पशु चोरी की घटनाएं करने वाले 04 शातिर चोरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली पैर में गोली लगने से दो घायल चोरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत भैंस चोरी की घटनाएं हुई थीं। जिनके संबंध में थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के संकलन के आधार पर विवेचना के दौरान चोरी की घटनाओं में मुकीम उर्फ मुकेश उर्फ चूहा पुत्र बक्शी, अरमान उर्फ फरमान पुत्र बाबू, ईनुस पुत्र अजमेरी व आकाश पुत्र पप्पू की संलिप्तता प्रकाश में आई। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी।

सीओ ने बताया कि थानाध्यक्ष राकेश कुमार गिरी पुलिस टीम के साथ शुक्रवार देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपितगण चोरी की गयी भैंस, पड़िया बेचने के लिये मैक्स पिकअप लेकर बैंदी की पुलिया की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें 02 आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपितों की पहचान मुकीम उर्फ मुकेश उर्फ चूहा पुत्र बक्शी व अरमान उर्फ फरमान पुत्र बाबू बताया है। वहीं अन्य 02 आरोपितों को मौके से भागने के दौरान घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। उनमें ईनुस पुत्र अजमेरी एवं आकाश पुत्र पप्पू हैं। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी की गयी एक भैंस, पड़िया, दो अवैध तमंचे 315 बोर, 03 जिंदा कारतूस 315 बोर, 02 खोखा कारतूस 315 बोर, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त 01 मैक्स पिकअप व चोरी की भैंस बेचकर प्राप्त 60,000 रुपये बरामद हुए हैं।

सीओ ने बताया कि दोनों घायल आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सेभी आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Next Story