उत्तर प्रदेश

Firozabad: फर्जी दस्तावेजों से 73 ग्राहकों के नाम पर हड़पा 32 लाख से ज्यादा का लोन, आरोपी दबोचा

Admindelhi1
22 Aug 2026 11:19 AM IST
Firozabad: फर्जी दस्तावेजों से 73 ग्राहकों के नाम पर हड़पा 32 लाख से ज्यादा का लोन, आरोपी दबोचा
x
फर्जी दस्तावेजों के सहारे ऋण हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, 73 ग्राहक हुए शिकार

फिरोजाबाद: थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने शुक्रवार को फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से 73 ग्राहकों के ऋण की धनराशि हड़पने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्यवाही कर उसे जेल भेजा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में थाना शिकोहाबाद प्रभारी अनुज कुमार ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को वांछित अभियुक्त विक्रम सिंह पुत्र खुशीराम निवासी जगतिया थाना राया जनपद मथुरा को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, शिकोहाबाद शाखा के जोनल मैनेजर द्वारा दी गयी शिकायत के आधार पर यह मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा ग्राहकों के के.बाई.सी. बैंक पासबुक एवं अन्य दस्तावेजों में छेड़छाड़, कूटरचना कर फर्जी ऋण खाते तैयार किये गये तथा ऋण की धनराशि अपने परिचितों के खातों में स्थानान्तरित कर हड़प ली गयी। विभागीय जांच में कुल 73 ग्राहकों से बत्तीस लाख छप्पन हजार पांच सौ उनतीस रुपये की धोखाधड़ी किये जाने का आरोप प्रकाश में आया। इस मामले में नामित अभियुक्तगण द्वारा आपस में मिलीभगत कर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ऋण प्रक्रिया में दस्तावेजों का सत्यापन, ऋण स्वीकृति एवं धनराशि स्थानान्तरण की प्रक्रिया को नियमविरुद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया। इसमें नामित अन्य अभियुक्तगण आकाश अली, राहुल भारद्वाज एवं अर्जुन सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

Next Story