उत्तर प्रदेश

Firozabad: डीआईजी की निगरानी में वार्षिक निरीक्षण और भवन लोकार्पण

Admindelhi1
13 March 2026 12:34 AM IST
Firozabad: डीआईजी की निगरानी में वार्षिक निरीक्षण और भवन लोकार्पण
x

फिरोजाबाद: जनपद में गुरुवार को पुलिस प्रशासन का वार्षिक निरीक्षण संपन्न हुआ। इस दौरान आगरा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय में नवीनीकृत समस्त कार्यालयों का लोकार्पण किया और विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस कार्यालय स्थित पत्र व्यवहार शाखा, आंकिक शाखा, डीसीआरबी, फील्ड यूनिट, महिला सहायता प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, अभियोजन शाखा, मॉनिटरिंग सेल, अपराध शाखा, प्रधान लिपिक शाखा, आईजीआरएस शाखा, परिवार परामर्श केंद्र तथा यातायात पुलिस लाइंस सहित विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालय व्यवस्था और कार्य प्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों के समयबद्ध निस्तारण और कार्यालय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई और आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, नियमित गश्त और प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश दिए गए।

डीआईजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 24 घंटे निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने या सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस लाइन के बहुउद्देश्यीय हॉल में ग्राम प्रहरियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कुल 103 जैकेट वितरित की गईं। साथ ही मौढ़ा कनैटा में रिक्रूट आरक्षियों के लिए नवीनीकृत हॉस्टल का उद्घाटन भी किया गया।

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने थाना दक्षिण का भी निरीक्षण किया। यहां त्यौहार रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, आईजीआरएस, महिला हेल्पडेस्क, मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने थाना परिसर में वृक्षारोपण किया और थाना दक्षिण क्षेत्र में पैदल गश्त भी की।

Next Story