- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Firozabad: सेवा केंद्र...
Firozabad: सेवा केंद्र के तत्वाधान में भव्य शिव संदेश यात्रा निकाली गई

फिरोजाबाद: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कैला देवी मंदिर स्थित सेवा केंद्र के तत्वाधान में भव्य शिव संदेश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सेवा केंद्र के भाई-बहनों ने झंडे और स्लोगन के साथ भाग लिया, जबकि माताओं ने सिर पर कलश धारण कर परमात्मा के धरा पर अवतरित होने का संदेश दिया।
यात्रा का मार्ग और समापन
शिव यात्रा रैपुरा रोड स्थित सिल्वर सिटी से प्रारंभ होकर दम्मामल नगर होते हुए कैला देवी मंदिर सेवा केंद्र पर समाप्त हुई। वहां पहुंचकर शिव पिता के झंडे का ध्वजारोहण किया गया।
राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी का आध्यात्मिक संदेश
सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने शिव जयंती के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिव को आक, धतूरा और बेर अर्पित करने का अर्थ अपने भीतर के विकारों, बुराइयों और कमियों को त्यागना है।
12 ज्योतिर्लिंगों की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
शिव जयंती के अवसर पर सेवा केंद्र पर बारह ज्योतिर्लिंगों की भव्य झांकी स्थापित की गई, जिसमें 15 फुट ऊँचा शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। झांकी का उद्घाटन असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर कृष्णकांत गौतम ने किया।
महापौर, नगर मजिस्ट्रेट और अन्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर कामिनी राठौर ने पूजा-अर्चना कर नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के.एम. सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार, समाजसेविका अनुपम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
शिव जयंती महोत्सव में नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज कुमार पटेल की प्रमुख सहभागिता रही। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए।
अतिथियों का स्वागत और कार्यक्रम संचालन
कार्यक्रम का संचालन खुशी बहन ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत अंजना बहन, सपना बहन, अनीता बहन, मधु बहन, माधुरी बहन, रिंकी बहन और निर्मला बहन ने तिलक लगाकर और पीत दुपट्टा पहनाकर किया।





