उत्तर प्रदेश

बहू और बेटे को घर में बंदी बनाकर पुलिस पर की फायरिंग, आरोपी हिरासत में

Admin Delhi 1
20 Jun 2022 10:41 AM GMT
बहू और बेटे को घर में बंदी बनाकर पुलिस पर की फायरिंग, आरोपी हिरासत में
x

सिटी क्राइम न्यूज़: कानपुर में एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू को घर में बंदी बना दिया। काफी दिनों से पिता मानसिक रूप से तनाव में था। घर के अंदर बंद बहू ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। काफी देर मशक्कत करने के बाद पुलिस घर के अंदर घुसी और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घर में बंद बेटे-बहू को बचाया।

कुछ दिनों से चल रहा था बेटे से विवाद: कानपुर के श्याम नगर सी ब्लॉक में आरके दुबे(55) अपने परिवार के साथ रहते हैं। आरके दुबे का काफी समय से अपने बेटे सिद्धार्थ के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर को आर के दुबे ने अपनी बहू भावना और बेटे सिद्धार्थ दोनों को घर में बंदी बना लिया। बहू ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद आरके दुबे ने छत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान दरोगा सहित 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

2 घंटे तक गूंजती रही गोलियों की आवाज: आरके दुबे अपनी पत्नी किरण को लेकर छत पर चढ़ा था। पुलिस पर फायरिंग करते समय किरण आरोपी को पीछे से कारतूस दे रही थी। किरण पीछे से पुलिस वालों को गालियां दे रही थी और छुप छुप के देख कर आरोपी को पुलिस कर्मियों की पोजीशन बता रही थी। रविवार दोपहर को चारों तरफ गोलियों की आवाज गूंज रही थी, सभी अपने घरों में बंद थे।

लगातार 2 घंटे तक की फायरिंग: घटना के समय पड़ोसी आरोपी की वीडियो बना रहे थे। जिस पर आरोपी ने पड़ोसियों के ऊपर भी फायरिंग कर दी। हालांकि कोई भी पड़ोसी घायल नहीं हुआ है। आरोपी ने 2 घंटे में 40 राउंड फायर झोक डालें। आरोपी ने अपने सर पर हेलमेट लगा रखा था, और गले में गमछा डाले हुए था। गमछे से उसने अपने मुंह को ढक रखा था। आरोपी घर की रेलिंग की आड़ में होकर पुलिस पर फायरिंग किए जा रहा था। आरोपी ने पूरे 2 घंटे तक पुलिस पर फायरिंग की।

पुलिस ने बिना फायरिंग किए स्थिति पर पाया काबू: पुलिस की तरफ से कोई भी फायरिंग नहीं की गई। आरके दुबे की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण पुलिस ने बिन फायरिंग किए ही हालात पर काबू पाए। पुलिस के काफी समझाने के बाद आरोपी शांत हुआ। हालात पर काबू पाने के बाद जांच में पता चला कि आरोपी का पांडू नगर निवासी एक डॉक्टर से इलाज भी चल रहा है। पड़ोसियों ने बताया कि आप भी पहले भी एक बार ऐसी हरकत कर चुका है।

पत्नी के खिलाफ भी की जाएगी सख्त कार्रवाई: डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि केस में आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए गवाह और साक्ष्य उसके खिलाफ पर्याप्त हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले को बातचीत से ही शांत कराया गया है। पुलिस की तरफ से 2 घंटे के अंदर एक भी फायरिंग नहीं की गई थी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

Next Story