उत्तर प्रदेश

छेड़छाड़ का विरोध करने पर फायरिंग, 3 को गोली लगी

Admin4
17 Oct 2022 12:07 PM GMT
छेड़छाड़ का विरोध करने पर फायरिंग, 3 को गोली लगी
x

मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद पचैंडा निवासी एक युवती के साथ कई दिन से शोहदे छेड़छाड़ कर रहे थे। इस मामले में युवती ने पुलिस में शिकायत की थी। युवती का आरोप था कि 8 अक्टूबर को जब वह डेयरी से दूध लेकर लौट रही थी तो उसके पड़ौसी नावेज पुत्र शौकत और आशु मोहम्मद अली ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। आरोपियों ने गंदी नजरों से उसे घूरा और अश्लील भाषा का प्रयोग किया। जिसके बाद विरोध करने पर उसका पीछा किया। आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपित नावेज के बड़े भाई सहराज ने घर पर आकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में रविवार को तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

सोमवार सुबह युवती के घर पर बोला हमला

पीड़िता का आरोप है कि छेड़छाड़ की घटना की शिकायत पुलिस से करने पर आरोपियों ने सोमवार सुबह उनके घर पर चढ़ाई कर दी। बताया कि आरोपियों तथा उनके साथ आए रिश्तेदारों ने उनके घर काे घेर लिया और बाहर से ताला लगा दिया। जिससे वह वहां से भाग नहीं सके। जिसके उपरांत हथियारों से फायरिंग की गई। बताया कि बदमाशों की गोलियां लगने से उसके तीन चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया कि उसके चाचा नौशाद के सिर में गोली लगी है। जबकि दूसरे चाचा सद्दाम की आंख में गोली लगी। उसके तीसरे चाचा रिजवान की कमर में भी गोली लगी। बताया कि गंभीर अवस्था में सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से नौशाद और सद्दाम को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की और से अभी तहरीर नहीं आई है। बताया कि मौखिक रूप से आरोपियों के नाम बताए गए थे। उनके आधार पर 4 लोगों आशु, नावेज, शहराज और मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया कि दोंनो पक्ष में पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। प्रोपर्टी विवाद भी सामने आया है। बताया कि जो लोग घायल हुए हैं सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।

Admin4

Admin4

    Next Story