उत्तर प्रदेश

Greater नोएडा में आग का तांडव, समय रहते टला बड़ा हादसा

Ratna Netam
9 July 2026 4:02 PM IST
Greater  नोएडा में आग का तांडव, समय रहते टला बड़ा हादसा
x

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र स्थित घरबार गांव के पास एक अल्ट्रासाउंड क्लीनिक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि क्लीनिक में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना कासना क्षेत्र के घरबार गांव के पास स्थित एक अल्ट्रासाउंड क्लीनिक की है। सुबह के समय अचानक क्लीनिक के अंदर लगे एसी में तकनीकी खराबी के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते आग फैलने लगी। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही गौतमबुद्ध नगर अग्निशमन विभाग की टीम सक्रिय हुई और दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सुबह सूचना मिली थी कि घरबार गांव के पास स्थित अल्ट्रासाउंड क्लीनिक में एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई है।उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी सावधानी और तेजी के साथ कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य इमारतों और प्रतिष्ठानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि अल्ट्रासाउंड क्लीनिक का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। क्लीनिक में रखे उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, अग्निशमन विभाग की टीम घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।

घटना के बाद दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और विशेष रूप से एयर कंडीशनर के इस्तेमाल में सावधानी बरतें। एसी की समय-समय पर सर्विसिंग कराना जरूरी है, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास के क्षेत्रों में भी फैल सकती थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story