उत्तर प्रदेश

विसर्जन यात्रा के दौरान दो पक्षों में मारपीट, पथराव

Admin4
30 Sep 2023 8:45 AM GMT
विसर्जन यात्रा के दौरान दो पक्षों में मारपीट, पथराव
x
फतेहपुर। किशनपुर क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गुरुवार दोपहर रास्ते में डीजे पर नाचने के दौरान टिप्पणी करने पर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच टकराव हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और पथराव किया। दोनों पक्ष से छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया है। मौके पर कई घंटे फोर्स तैनात रहा। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
किशनपुर थाने के नरैनी गांव निवासी रवि यादव आदि की ओर से गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालु नौबस्ता गंगा घाट जा रहे थे। डीजे पर डांस करते हुए जब गांव के बाहर पहुंचे तो वहां कल्लू दुबे, राजू, नरिंदा दुबे, पुच्ची, रोहित दुबे समेत कई लोग शोभा यात्रा के मार्ग पर खड़े थे। प्रतिमा के साथ चल रहे गांव के श्रीराम, लवकुश, गोलू मौर्य, सुदीप, ऋषभ लोग डांस कर रहे थे।
मार्ग पर खड़े कल्लू आदि ने विसर्जन करने जा रहे लोगों पर नाचने पर कमेंट किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ ही पलों में मारपीट और पथराव चालू हो गया। एक पक्ष के रोहित दुबे, रमाकांत और दूसरे पक्ष से सुदीप, गोलू मौर्या, ऋषभ मौर्य, श्रीराम को चोट आई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक जेपी शाही ने बताया कि किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी। माहौल खराब करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है, पुलिस की ओर से दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
Next Story