उत्तर प्रदेश

बिजली विभाग की वर्कशॉप में लगी भीषण आग

Admin4
13 April 2023 2:15 PM GMT
बिजली विभाग की वर्कशॉप में लगी भीषण आग
x
बदायूं। बुधवार की दोपहर विद्युत विभाग की कार्यशाला में अचानक आग लग गई। कार्यशाला का स्क्रैप जल गया। ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आ गए। मौके पर हड़कंप मच गया। पास में रहने वाले लोग अपना घर छोड़कर भाग गए। घरों से सिलेंडर बाहर निकाल लिए। तकरीबन डेढ़ घंटे के बाद अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाया। तब तक लाखों का स्क्रैप जल गया। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में ककराला मार्ग पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के सामने विद्युत महकमा के अधीक्षण अभियंता का कार्यालय है। जिसके पास ही विभाग की कार्यशाला है। जहां बदायूं के अलावा आसपास के जिलों में खराब हुए ट्रांसफार्मर की मरम्मत की जाती है। सैकड़ों की संख्या में ट्रांसफार्मर रखे रहते हैं। जिनका स्क्रैप एक हॉल में रखा जाता है।
मरम्मत के दौरान ट्रांसफार्मर से निकला तेल जमीन पर पड़ा रहता है। बुधवार की रात विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान स्क्रैप में अचानक आग लग गई। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन तब तक आग पूरे स्क्रैप में लग गई। मौके पर भगदड़ मच गई। कार्यशाला के कर्मचारियों ने जरूरी सामान कार्यालय से बाहर निकाला। विभागीय अधिकारियों को सूचित किया। अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों के अलावा कार्यशाला का स्टाफ भी आग बुझाने में लग गया। हॉल से आग की लपटें उठ रही थी और पानी डलने पर धुंआ का गुबार आसमान में उड़ रहा था। कार्यशाला की दीवार के पीछे आवास विकास कॉलोनी के घरों के लोग अपने घर छोड़कर भाग गए।
घरों से सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान भी बाहर निकाल लिया। लोग गेट के बाहर खड़े रहकर वीडियो बनाते नजर आए। अधिकारी क्षति का आंकलन कर रहे हैं। एक्सईएन प्रथम हरीश कुमार ने बताया कि कार्यशाला में अचानक आग लग गई थी। कुछ ट्रांसफार्मर और तेल भी जला है। दमकल कर्मियों ने आकर आग बुझाई है। आग लगने का कारण नहीं पता है। इसकी जांच कराई जाएगी।
Next Story