- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बुखार का कहर, प्रधान...

x
पुवायां/ मीरानपुर कटरा। वैसे तो बुखार का प्रकोप पूरे जिले में है लेकिन इसका असर पुवायां क्षेत्र में अधिक नजर आ रहा है। क्षेत्र में फैले बुखार की वजह से प्रधान के भतीजे समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं मीरानपुर कटरा में डेंगू बुखार से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। बीमार लोगों का भी आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सीएचसी से लेकर प्राइवेट अस्पताल तक मरीजों से भरे नजर आ रहे हैं।
बिलसंडी बुजुर्ग के प्रधान संजय त्रिपाठी के भतीजे 34 वर्षीय सोनू त्रिपाठी पुत्र अजय त्रिपाठी की बुखार से बरेली के एक निजी अस्पताल में शनिवार सुबह 11 बजे मृत्यु हो गई। मृतक सोनू त्रिपाठी के भाई लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने बताया कि उनके चचेरे भाई सोनू त्रिपाठी को पांच अक्तूबर को तेज बुखार आया था। तब उन्हें जिले के प्रसिद्ध निजी चिकित्सक में भर्ती कराया गया। जहां डेंगू की जांच में पता चला कि प्लेटलेट्स 8000 रह गई हैं। निजी चिकित्सक ने बरेली ले जाने की सलाह दी। बरेली के एक निजी हॉस्पिटल में उसे भर्ती कराया गया।
जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान सोनू की मृत्यु हो गई। सोनू अपने पीछे पुत्र वैभव (12) पुत्री सानिया (11) कीर्ति (7) को छोड़ गए हैं। डॉक्टर राकेश मिश्रा, सोनू बाजपेयी, डॉ. हरि रस्तोगी, शिवा शुक्ल ने शोक व्यक्त किया। इसके अलावा नगर के मोहल्ला देवस्थान मंदिर की निवासी 65 वर्षीय राजवती देवी की मृत्यु भी बुखार से हो गई। उनका अंतिम संस्कार श्मशान घाट में कर दिया गया था। यह जानकारी उनके पुत्र सुरेंद्र ने दी। सभासद राजेश त्रिवेदी ने बताया कि उनके मोहल्ला छावनी की महिला 52 वर्षीय कलावती पत्नी बाबूराम की मौत भी बुखार से हो गई। महिला का अंतिम संस्कार शुक्रवार को मठ श्मशान घाट में किया गया।
उधर, कटरा बाजार मोहल्ला निवासी सब्जी विक्रेता 40 वर्षीय आरिफ की मृत्यु भी बुखार से बरेली में इलाज के दौरान हो गई। परिजनों के अनुसार पांच दिन पहले आरिफ को तेज बुखार आया था। वह निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराने लगा। इसकी प्लेटलेट्स 18000 रह गईं थीं, तब उसके परिजन आरिफ को लेकर शाहजहांपुर के एक अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टर ने जवाब दे दिया। इसके बाद उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं नगर व क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ज्यादातर परिवार के परिवार बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। सीएचसी से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। मीरानपुर कटरा में डेंगू बुखार का कहर बढ़ता ही जा रहा है। मोहल्ला इस्लामनगर निवासी मल्लू खां की पुत्री अल्तमस तीन दिन से बुखार से पीड़ित थी। कटरा के ही प्राइवेट डॉक्टर के यहां उसका इलाज चल रहा था। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद 16 वर्षीय किशोरी अल्तमस की मृत्यु हो गई। इससे पहले कटरा में डेंगू बुखार के चलते तीन लोगों की मौत हो चुकी हैं। डेंगू बुखार की दहशत लोगों में बढ़ती जा रही है।
Tagsउत्तरप्रदेशउत्तरप्रदेश न्यूज़दिन की बड़ी ख़बरअपराध खबरजनता से रिश्ता खबरदेशभर की बड़ी खबरताज़ा समाचारआज की बड़ी खबरआज की महत्वपूर्ण खबरहिंदी खबरजनता से रिश्ताबड़ी खबरदेश-दुनिया की खबरराज्यवार खबरहिंदी समाचारआज का समाचारबड़ा समाचारनया समाचारदैनिक समाचारब्रेकिंग न्यूजBig news of the daycrime newspublic relation newscountrywide big newslatest newstoday

Admin4
Next Story