उत्तर प्रदेश

बेख़ौफ़ बदमाशों ने दंपति से सरेआम लूटी सोने की चैन

Admin Delhi 1
16 Aug 2022 8:07 AM GMT
बेख़ौफ़ बदमाशों ने दंपति से सरेआम लूटी सोने की चैन
x

सिटी क्राइम न्यूज़: शहर में बदमाशों का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। बदमाश बिना खौफ के सरेआम लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में देखने को मिला है। अलीगढ़ चुंगी के पास बाइक सवार बदमाशों ने बाइक पर जा रहे दंपति के गले में से सोने की चेन लूट ली। आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

कुछ दूर पीछा करने के बाद दिया घटना को अंजाम: बुलंदशहर में सतीश अपने परिवार के साथ रहते हैं। सतीश अपनी पत्नी के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए उसके मायके आया हुआ था। सतीश सोमवार को पत्नी के साथ घर वापस लौट रहा था, तभी अचानक अलीगढ़ चुंगी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने थोड़ी देर पीछा करने के बाद उनकी बाइक को ओवरटेक कर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली।

विरोध करने पर आरोपियों ने दिया धक्का: महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धक्का दे दिया, जिससे पीड़ित की बाइक का बैलेंस खराब हो गया और वह नीचे गिर गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र होने लगे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पुलिस का बयान: कोतवाली धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story