उत्तर प्रदेश

जमीनी विवाद के चलते पिता ने सिपाही बेटे को मारी गोली, हालात गंभीर

Teja
5 Oct 2022 11:03 PM IST
जमीनी विवाद के चलते पिता ने सिपाही बेटे को मारी गोली, हालात गंभीर
x
हाथरस में रिटायर्ड दरोगा पिता द्वार अपने सिपाही बेटे को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली युवक के सीने पर लगी। घायल बेटे को आगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल युवक की तहरीर पर पिता समेत अपने परिजनों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया।
जिले के मोहल्ला बरीवाला निवासी ओम प्रकाश उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके परिवार में काफी समय से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते आए दिन बच्चों के बीच कहासुनी होती रहती है। बुधवार को भी फिरोजाबाद की पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी के रूप में तैनात उनके बेटे चंद्रप्रकाश उर्फ चीनू और उसके छोटे भाई मोनू प्रकाश उर्फ मीनू के बीच नोकझोंक हो गई।
कहासुनी के दौरान चंद्रप्रकाश ने छोटे भाई मोनू के सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। इस पर आक्रोशित पिता ओम प्रकाश ने चंद्रप्रकाश पर तमंचे से फायर कर दिया। सीने में गोली लगने से चंद्रप्रकाश घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घायल दोनों भाइयों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से चंद्रप्रकाश को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। सादाबाद की सीओ रुचि गुप्ता ने बताया कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। गोली लगने से सिपाही घायल हुआ है। उसने अपने पिता, भाई और अन्य परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। पिता पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पिता भी पुलिस से रिटायर्ड हो चुका है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Next Story