उत्तर प्रदेश

Fatehpur: लाइनमैन की मौत के बाद प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया संतोषजनक जवाब

Admindelhi1
3 April 2026 12:48 AM IST
Fatehpur: लाइनमैन की मौत के बाद प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया संतोषजनक जवाब
x

फतेहपुर: जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में विभागीय लापरवाही से एक लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना 1 अप्रैल 2026 की है, जब मौहार निवासी 35 वर्षीय नोखेलाल राजपूत, जो बिंदकी विद्युत उपकेंद्र में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे, अलीपुर के पास लाइन पर काम करने गए थे। आरोप है कि कार्य के दौरान ही विभाग की ओर से अचानक लाइन चालू कर दी गई, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन 2 अप्रैल को शव वापस आने पर आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने बिंदकी रोड चौडगरा स्थित विद्युत वितरण उपकेंद्र में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व उचित मुआवजे की मांग पर अड़ गए। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

प्रदर्शन की सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बिंदकी विधायक एवं पूर्व कारागार राज्य मंत्री जयकुमार जैकी, क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा और नायब तहसीलदार अचलेश सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन दिए गए।

अधिकारियों ने मृतक की पत्नी संगीता देवी को 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। तत्काल सहायता के रूप में 90 हजार रुपये उनके खाते में भेजे गए। साथ ही जेई विवेक शर्मा को सेवामुक्त कर दिया गया और अन्य संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए गए। इन आश्वासनों के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और स्थिति सामान्य हो सकी।

Next Story