- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Fatehpur: पुलिस ने...
Fatehpur: पुलिस ने प्रधान पुत्र के हत्यारे को मुठभेड़ के बाद दबोचा

फतेहपुर: खखरेडू थाना क्षेत्र के भीमपुर गांव में ग्राम प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रामू पासवान बीते दिनों हुई इस निर्मम हत्या के बाद से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया आरोपी: देर रात हरिचंदपुर मोड़ के पास खखरेडू पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रधान पुत्र की हत्या का मुख्य आरोपी रामू पासवान वहां आने वाला है। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया।
भागते हुए आरोपी एक बाग में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रामू पासवान के बाएं पैर में गोली लग गई।
अस्पताल में भर्ती, तमंचा और नकदी बरामद
गोली लगते ही आरोपी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी खखरेडू में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है।
लगातार फरार था आरोपी, मुखबिर की सूचना से पकड़ाया
पुलिस के अनुसार, रामू पासवान ने कुछ दिन पहले प्रधान पुत्र की हत्या कर दी थी और तभी से वह फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।





