उत्तर प्रदेश

Fatehpur: खेलते समय बड़ा हादसा, 5 साल के बच्चे के पेट में आर-पार हुआ सरिया

Admindelhi1
27 Oct 2025 1:48 PM IST
Fatehpur: खेलते समय बड़ा हादसा, 5 साल के बच्चे के पेट में आर-पार हुआ सरिया
x

फतेहपुर: जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. खखरेरू थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में पांच वर्षीय मासूम बच्चा खेलते समय छत से नीचे गिर गया, जिससे नीचे निर्माणाधीन मकान की लोहे की सरिया उसके पेट में आर-पार हो गई. यह भयावह दृश्य देखकर परिवार और मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई.दरअसल, घटना उस समय हुई जब बच्चा अपनी मौसी के शादी समारोह में परिवार के साथ शामिल होने आया था. खेलते-खेलते वह छत के किनारे पहुंचा और अचानक नीचे गिर पड़ा. नीचे बने मकान की निकली हुई सरिया उसके शरीर से आर-पार हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिवारजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को निकालने का प्रयास किया.

मगर, सरिया इतनी गहराई तक धंसी हुई थी कि उसे काटने के लिए ग्राइंडर मशीन मंगवानी पड़ी. कड़ी मशक्कत के बाद सरिया को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर बताते हुए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए. बच्चे के शरीर से सरिया बाहर तक निकली हुई थी. फिलहाल, बच्चा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.

Next Story