उत्तर प्रदेश

Fatehpur: पारिवारिक तनाव ने ली दो मासूमों की जान, मां ने कुएं में लगाई छलांग

Admindelhi1
24 May 2025 2:15 PM IST
Fatehpur: पारिवारिक तनाव ने ली दो मासूमों की जान, मां ने कुएं में लगाई छलांग
x
दोनों बच्चों की मौत

फतेहपुर: जिले में शुक्रवार को पति से झगड़े के बाद एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई। घटना में दोनों बच्चों की मौके पर मौत हो गई। वहीं महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। असोथर थाना क्षेत्र के राजाराम का डेरा मजरे जरौली गांव निवासी धीरेंद्र पाल की शादी थाना क्षेत्र के हरनवां गांव की निवासी रेनू से 5 साल पहले हुई थी। दंपति के दो मासूम पुत्र कृष्ण (03) व प्रशांत (01) थे।ग्रामीणों ने बताया कि पति से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया था।

इसके बाद महिला दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकल गई। कुछ ही दूर स्थित एक कुएं के पास पहुंची और दोनों बच्चों को साड़ी के पल्लू में बांधकर कुएं में छलांग लगा दी। महिला के बाहर जाने के बाद परिजन भी पीछे से गये लेकिन तब तक महिला कुएं में कूद चुकी थी।

यह देख परिजनों के शोर-शराबे पर ग्रामीण भी मौके पर दौड़कर पहुंचे और आनन-फानन ग्रामीण कुएं में उतरकर महिला को बाहर निकाला। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों की मौत से परिजनों में मातम छा गया। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच की जा रही है।

Next Story