उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: युवती की मौत पर मायके पक्ष का हंगामा

Admindelhi1
6 March 2026 1:28 AM IST
Farrukhabad: युवती की मौत पर मायके पक्ष का हंगामा
x
"बाथरूम में शव मिलने से इलाके में हड़कंप"

फर्रुखाबाद: होली की खुशियों के बीच एक परिवार में मातम छा गया। रंग खेलने के बाद बाथरूम में रंग साफ करने गई 28 वर्षीय विवाहिता प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया।

घटना कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला नवदिया नारायणपुरम की है। यहां रहने वाले ललित की पत्नी प्रीति होली खेलने के बाद बाथरूम में रंग साफ करने गई थी। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

चिंतित पति ललित बाथरूम के पास पहुंचा और ऊपर लगी खिड़की से अंदर झांककर देखा तो प्रीति अचेत अवस्था में फर्श पर पड़ी हुई थी। यह देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और रात करीब 11:30 बजे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की शादी वर्ष 2019 में हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धोबापुर निवासी हरपाल सिंह की पुत्री प्रीति से हुई थी। प्रीति के दो छोटे बच्चे हैं—श्रेयांश और वेदांत। मां की मौत के बाद बच्चों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष भी मौके पर पहुंच गया और उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मायके वालों का आरोप था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम उनके जिले में कराया जाए क्योंकि परिवार का एक सदस्य स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा है।

काफी देर तक चले हंगामे और अधिकारियों के समझाने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और युवती का बिषरा सुरक्षित रख लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Next Story