- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: गंगा में...
Farrukhabad: गंगा में डूबने से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौत

फर्रुखाबाद: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना की तैयारी कर रहे दो युवकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक बीएससी के छात्र थे और नियमित दौड़ के बाद गंगा स्नान करने गए थे। तेज बहाव में बह जाने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना मेरापुर क्षेत्र के नगला बीरबल गांव निवासी रमन यादव (20) पुत्र रघुवीर सिंह यादव और सचिन सिंह यादव (22) पुत्र श्यामवीर सिंह यादव गहरे दोस्त थे। दोनों कायमगंज कस्बे के पास दत्तू नगला गांव में किराये पर रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। उनके सीनियर जुगेंद्र सिंह (25) पुत्र त्रिमल, निवासी मेवा नगला (अलीगढ़) उन्हें ट्रेनिंग दे रहे थे।
गुरुवार सुबह तीनों युवकों ने नियमित रेस लगाई और फिर सिनौली गंगा घाट पर स्नान के लिए पहुंचे। गंगा में उतरने के कुछ ही देर बाद तेज बहाव में तीनों युवक बहने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बचाव और मौत की पुष्टि
स्थानीय लोगों ने जुगेंद्र को किसी तरह बचा लिया, लेकिन रमन और सचिन लापता हो गए। पुलिस और गोताखोरों की मदद से काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को गंगा से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर विपिन कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शोक में डूबे परिजन
इस हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और बदहवासी की हालत में रोने-बिलखने लगे। रमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और एक बहन भी है, जबकि सचिन के दो भाई और तीन बहनें हैं। दोनों युवक न सिर्फ एक ही गांव के थे, बल्कि एक-दूसरे के अभिन्न मित्र भी थे।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोग इस दुर्घटना से व्यथित हैं।





