उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: ट्रेन में युवती का बैग छीनने वाला पकड़ा गया

Admindelhi1
26 March 2026 1:38 PM IST
Farrukhabad: ट्रेन में युवती का बैग छीनने वाला पकड़ा गया
x

फर्रुखाबाद: जनपद में चलती ट्रेन में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी की तत्परता से न केवल आरोपी पकड़ा गया बल्कि युवती से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।

घटना 26 मार्च की सुबह की है, जब कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के बेवर रोड स्थित मस्जिद वाली गली निवासी समीर अहमद खान की पुत्री वारिशा अपनी दादी बिलकिस बेगम के साथ पैसेंजर ट्रेन से कायमगंज जा रही थी। सुबह करीब 5:45 बजे जब ट्रेन शुक्रल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी एक युवक अचानक वारिशा का बैग छीनकर ट्रेन से कूद गया और फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजन सकते में आ गए।

बताया जा रहा है कि वारिशा बाद में दूसरी ट्रेन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 7:45 बजे शुकरुल्लापुर रेलवे स्टेशन पर उसने उसी युवक को दोबारा ट्रेन में चढ़ते हुए पहचान लिया। युवती ने तुरंत शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और जीआरपी की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके कब्जे से युवती की सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना के खुलासे से जहां एक ओर यात्रियों में राहत की भावना है, वहीं दूसरी ओर यह मामला ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Next Story