उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: पुलिस अधीक्षक ने कम्पिल थाने में की व्यवस्थाओं की समीक्षा

Admindelhi1
7 March 2026 8:23 PM IST
Farrukhabad: पुलिस अधीक्षक ने कम्पिल थाने में की व्यवस्थाओं की समीक्षा
x

फर्रुखाबाद: जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना कम्पिल का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई तथा अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मिशन शक्ति केन्द्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, पुलिस मैस, बैरक सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना स्टाफ से अभिलेखों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा सभी रिकॉर्ड को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर (एचएस), सक्रिय अपराधियों तथा टॉप-10 अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में लागू बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बीट पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, आमजन से संवाद बढ़ाने तथा अपराध की रोकथाम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित थाना कम्पिल के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story