उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड के दौरान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

Admindelhi1
13 March 2026 1:51 PM IST
Farrukhabad: पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड के दौरान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
x

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गई। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों की अनुशासन व्यवस्था, शारीरिक क्षमता और प्रशिक्षण गतिविधियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी, यातायात शाखा के कर्मी, पुलिस लाइन में नियुक्त पुलिसकर्मी तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिसकर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई और नियमित व्यायाम कराया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षियों की पीटी और परेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आरक्षियों को अनुशासन, समय पालन और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने के लिए ब्रीफ करते हुए कहा कि एक सशक्त और अनुशासित पुलिस बल ही समाज में कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।

परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित डायल-112 कार्यालय, पुलिस मेस, परिवहन शाखा, बैरक, क्वार्टर गार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिस कर्मियों की सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

Next Story