उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: विद्युत संकट पर छात्रों का प्रदर्शन

Admindelhi1
22 Feb 2026 7:34 PM IST
Farrukhabad: विद्युत संकट पर छात्रों का प्रदर्शन
x

फर्रुखाबाद: बोर्ड परीक्षाओं के बीच हो रही लगातार विद्युत कटौती (power cuts) से परीक्षार्थियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं (High school and intermediate examinations) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (प्रयागराज बोर्ड) द्वारा संचालित की जा रही हैं। परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा अवधि में विशेष रूप से शाम के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।

जानकारी के अनुसार जब से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई हैं, तब से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के वक्त बिजली कटौती का क्रम जारी है। हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं सुबह और शाम की पाली में परीक्षाएं दे रहे हैं। ऐसे में शाम का समय उनके लिए रिवीजन और अगली परीक्षा की तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है।

परीक्षार्थियों का कहना है कि यदि कटौती करनी ही है तो दिन या रात्रि में की जाए, लेकिन शाम के समय बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए। छात्र राजेश कुमार, सियाराम, विनोद कुमार, रंजीत कुमार, वैभव और संदेश कुमार सहित कई परीक्षार्थियों ने बताया कि अक्सर शाम को बिजली चली जाती है, जिससे उन्हें मोमबत्ती या वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है। हर घर में इनवर्टर या जनरेटर उपलब्ध नहीं है, जिससे पढ़ाई में गंभीर व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।

दूसरी ओर ग्रामीण विद्युत उपभोक्ताओं में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शाम के समय बाजारों में भीड़ रहती है, लोग आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करते हैं, और घरों में भोजन बनाने का कार्य होता है। ऐसे समय बिजली का जाना गरीब, मजदूर और किसानों के लिए अतिरिक्त परेशानी खड़ी करता है।

समाजसेवी नरेश चंद्र गंगवार के नेतृत्व में ग्रामीण उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मांग की है कि परीक्षा अवधि के दौरान शाम के समय विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। किसान नेता राम बहादुर राजपूत ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को परीक्षार्थियों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि आवश्यक हो तो कटौती की भरपाई दिन या देर रात में की जाए, लेकिन शाम की आपूर्ति बाधित न हो।

ग्रामीणों और परीक्षार्थियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर शाम के समय नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि छात्र-छात्राएं बिना बाधा अपनी तैयारी कर सकें और आमजन को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Next Story