उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग साइकिल सवार को मारी टक्कर

Admindelhi1
31 Jan 2026 2:32 PM IST
Farrukhabad: तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग साइकिल सवार को मारी टक्कर
x

फर्रुखाबाद: तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने 65 वर्षीय साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। घायल बुजुर्ग को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल व्यक्ति की पहचान अमृतपुर थाना क्षेत्र के पिथनापुर गांव निवासी अरविंद (65) पुत्र उपेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अरविंद किसी निजी कार्य से अमृतपुर गए थे और साइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अरविंद सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक चंद्रा ने बताया कि अरविंद के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में उपचार कर रही है।

हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story