उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: समाजसेवी ने पर्यावरण को ध्यान में रखकर किया प्रतिमाओं का भू-विसर्जन

Admindelhi1
4 Oct 2025 3:36 PM IST
Farrukhabad: समाजसेवी ने पर्यावरण को ध्यान में रखकर किया प्रतिमाओं का भू-विसर्जन
x

फर्रुखाबाद: विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने स्थानीय पांचाल घाट पर बिखरी पड़ी गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ भू-विसर्जन कराया। पिछले दिनों गणेश उत्सव और दुर्गा नवमी के बाद कई लोगों ने प्रतिमाओं को गंगाजल में छोड़ दिया था, जिससे बाढ़ का पानी कम होने के बाद ये प्रतिमाएं खुले में नजर आने लगीं। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति को देखकर चिंता और दुख व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, भईयन मिश्रा ने अपनी टीम बुलाई और दो जेसीबी मशीनों की मदद से प्रतिमाओं को एकत्रित कराया। इसके बाद गहरे गड्ढे खोदकर पूरे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरे इलाके में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया।

भईयन मिश्रा ने लोगों से अपील की कि यदि वे प्रतिमाओं का उचित भू-विसर्जन नहीं कर सकते, तो अगले वर्ष पीतल, तांबा या कांसे की प्रतिमाएं बनवाकर उनका पूजन करें। इन मूर्तियों को गंगाजल से स्नान कर अगले वर्ष के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे भगवान की प्रतिमाओं की दुर्दशा नहीं होगी और किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचेगी।

राष्ट्रीय बजरंग दल के विभागाध्यक्ष कोमल पांडे ने भी इस पहल का समर्थन किया और कहा कि अगले वर्ष से पूरे जिले में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों को पीतल की प्रतिमाओं का पूजन करने और उनकी उचित सुरक्षा करने की सलाह दी। भईयन मिश्रा ने आश्वासन दिया कि उनकी टीम इस दिशा में लगातार लोगों को जागरूक करेगी।

Next Story