उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: कीर्ति की हत्या में चौंकाने वाला सच, भाई‑भाभी गिरफ्तार

Admindelhi1
10 July 2025 4:59 PM IST
Farrukhabad: कीर्ति की हत्या में चौंकाने वाला सच, भाई‑भाभी गिरफ्तार
x

फर्रुखाबाद: राजेपुर थाना पुलिस ने कीर्ति हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के सगे भाई अभिषेक और भाभी सरिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर कीर्ति की हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के पीछे की वजह लोकलज्जा और एक प्रेम प्रसंग को बताया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने घटना की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के मोहल्ला पटवारी निवासी अभिषेक की बहन कीर्ति का शव 6 जुलाई को थाना राजेपुर क्षेत्र में बरेली-इटावा मार्ग पर नासे नाले के पुल के पास ग्राम महामदपुर गढ़िया के तालाब से बरामद हुआ था।

पुलिस को ग्राम प्रधान की तहरीर पर सूचना मिली, जिसके आधार पर शव की शिनाख्त कीर्ति पुत्री सोवरन (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई। वह मोहल्ला पटव नगली, थाना कायमगंज की निवासी थी। परिवार के लोगों ने शुरुआत में पुलिस को हत्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने अभिषेक और उसकी पत्नी सरिता को शक के आधार पर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी दंपति को ग्राम नगला घाघ से गिरफ्तार किया गया।

अभिषेक ने पुलिस को बताया कि कीर्ति उसकी सगी बहन थी और मोहल्ले के ही युवक अंकित गंगवार से प्रेम संबंध में थी। यह बात परिवार में लोकलज्जा का विषय बन गई थी। उसने कई बार कीर्ति को समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इससे आक्रोशित होकर अभिषेक और उसकी पत्नी सरिता ने मिलकर कीर्ति की हत्या की योजना बनाई।

हत्या में प्रयुक्त गड़ासा और मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Next Story