उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: एक ही पते से दो संस्थान चलाने का पर्दाफाश

Admindelhi1
13 Oct 2025 2:52 PM IST
Farrukhabad: एक ही पते से दो संस्थान चलाने का पर्दाफाश
x

फर्रुखाबाद: नवाबगंज क्षेत्र में सक्रिय शातिर भू-माफिया अवधेश मिश्रा के कारनामों का अब बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, मिश्रा ने शिक्षा संस्थानों की मान्यता के नाम पर गंभीर धोखाधड़ी की है। उसने एक ही भवन और परिसर को दिखाकर कृष्णा पब्लिक स्कूल तथा एसकेएम इंटर कॉलेज दोनों की मान्यता प्राप्त कर ली थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि अवधेश मिश्रा ने अपने प्रभाव और रसूख का इस्तेमाल करते हुए चांदपुर गांव में दलित समुदाय की जमीनों और सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्जा कर लिया। बताया जा रहा है कि उसने इन जमीनों पर करोड़ों रुपये का खेल खेलते हुए डिग्री कॉलेज के नाम पर निर्माण शुरू कर लिया।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, अवधेश मिश्रा ने क्षेत्र के कई सम्मानित व ईमानदार लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे भी दर्ज करवाए ताकि वे उसके खिलाफ आवाज न उठा सकें। उसका दबदबा इतना था कि लोग खुलकर विरोध करने से डरते थे।

सूत्रों का कहना है कि प्रशासन ने अब इस पूरे प्रकरण की जांच तेज कर दी है। कई स्तरों पर दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी और राजस्व विभाग को भूमि से जुड़ी फाइलें मंगाई गई हैं।

इस बीच, अवधेश मिश्रा बीते शनिवार से फरार चल रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिशें शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि “अवधेश मिश्रा के खिलाफ ठोस साक्ष्य मिल रहे हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।”

इस पूरे मामले ने जिले के शिक्षा जगत और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। सवाल यह भी उठ रहा है कि इतने लंबे समय तक अवैध गतिविधियों को नजरअंदाज कैसे किया गया और किस स्तर पर मिलीभगत से उसे संरक्षण मिलता रहा।

Next Story