उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: सुबह-सुबह सड़कें रही सुनसान, विजिबिलिटी घटने से परेशानी

Admindelhi1
24 Dec 2025 1:49 PM IST
Farrukhabad: सुबह-सुबह सड़कें रही सुनसान, विजिबिलिटी घटने से परेशानी
x

फर्रुखाबाद: बुधवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर लगभग 10 मीटर रह गई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ठंड के कारण पूरे जिले में जनजीवन प्रभावित नजर आया। कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही और लोग केवल जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए।

मंगलवार रात करीब 10 बजे से ही जिले में कोहरा छाना शुरू हो गया था, जो पूरी रात बना रहा। रात 11 बजे के आसपास विजिबिलिटी घटकर करीब 6 मीटर तक पहुंच गई थी। बुधवार सुबह भी कोहरे का असर बना रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग, इटावा-बरेली हाईवे और फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद सतर्कता के साथ धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आर्द्रता 27 प्रतिशत दर्ज की गई।

बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव तापते दिखे। वहीं, रोजाना सुबह टहलने निकलने वाले लोग भी कोहरे और ठंड के चलते सड़कों पर कम दिखाई दिए।

Next Story