- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: मोहल्ले...
Farrukhabad: मोहल्ले में गंदगी के ढेर को हटाने में जुटे निवासी

फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ के नवादिया, ग्वालटोली टिलिया क्षेत्र में लंबे समय से जमा कूड़ा-कचरे की वजह से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंदगी फैलने से मोहल्लेवासियों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई थी। कई दिनों से शिकायत के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो लोगों ने भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी राहुल राठौर को इसकी जानकारी दी।
मामला संज्ञान में आते ही राहुल राठौर ने तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना दी। इसके बाद सफाई नायक हरिशंकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सफाई अभियान चलवाया। कर्मचारियों ने मोहल्ले में इकट्ठा कूड़ा-कचरे को गाड़ी में भरकर हटवा दिया। सफाई के बाद मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
राहुल राठौर ने कहा,
“हम हमेशा समाज सेवा के लिए खड़े हैं। अगर किसी भी वार्ड में समस्या आती है तो उसका निस्तारण करने की पूरी कोशिश की जाएगी। जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारा पहला कर्तव्य है।”
उन्होंने यह भी बताया कि फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर का उन्हें पूरा सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त है। राहुल राठौर के अनुसार, मंडल अध्यक्ष ने उन्हें प्रेरित करते हुए कहा है कि “तुम समाज सेवा करते रहो, हम हमेशा तुम्हारे साथ हैं।”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि समय पर कूड़ा-कचरा हटने से अब गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा काफी हद तक टल गया है। वहीं, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की और उम्मीद जताई कि आगे भी इस तरह की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।





