उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: धार्मिक पुस्तकों की दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

Admindelhi1
30 March 2026 2:11 PM IST
Farrukhabad: धार्मिक पुस्तकों की दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान
x

फर्रुखाबाद: शहर के व्यस्त इलाके घूमना बाजार में रविवार देर रात एक धार्मिक किताबों की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना मोहल्ला सूफी खां निवासी मोहम्मद उमर की दुकान की है, जहां आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद उमर रोजाना की तरह रविवार शाम करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिली कि उनकी दुकान से तेज आग की लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां तकरीबन सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोग और कोतवाली पुलिस पहले से मौजूद थी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। सूचना दिए जाने के लगभग पौन घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखी सभी धार्मिक किताबें और अन्य सामान पूरी तरह जल चुके थे।

पीड़ित मोहम्मद उमर के मुताबिक दुकान में करीब दो लाख रुपये की किताबें और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Next Story