उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: गंगा दशहरा से पहले पंचालघाट की बदहाली पर सवाल

Admindelhi1
29 April 2026 1:47 PM IST
Farrukhabad: गंगा दशहरा से पहले पंचालघाट की बदहाली पर सवाल
x

फर्रुखाबाद: गंगा दशहरा पर्व नजदीक आते ही पांचाल घाट पर अव्यवस्थाओं और गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है। श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र इस घाट की मौजूदा स्थिति ने न सिर्फ आमजन बल्कि सामाजिक संगठनों को भी चिंता में डाल दिया है।

सामाजिक संस्था मां गंगा सेवा समिति के नेतृत्व में नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए घाटों की साफ-सफाई और बेहतर प्रबंधन की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक आस्था की आड़ में कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट गंगा किनारे फेंक रहे हैं, जिससे पवित्र गंगा का जल लगातार प्रदूषित हो रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पंचालघाट पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यदि समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया, तो भीड़ के बीच गंदगी और अव्यवस्था की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटों पर नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि समाज के स्तर पर भी लोगों को जागरूक करने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आशीष मिश्रा, शिवओम पांडे, किशन बाथम, चंद्रशेखर वर्मा, शिवानंद मिश्रा और संदीप कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story