उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: सातनपुर मंडी रोड केस में पुलिस सक्रिय, संदिग्ध गिरफ्तार

Admindelhi1
18 Dec 2025 3:12 PM IST
Farrukhabad: सातनपुर मंडी रोड केस में पुलिस सक्रिय, संदिग्ध गिरफ्तार
x

फर्रुखाबाद: सातनपुर मंडी रोड पर गुंजन विहार कॉलोनी के निकट गोली मारकर लूट की सनसनीखेज वारदात को लेकर पुलिस अभी तक मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने अब नया और अनोखा तरीका अपनाया है। पुलिसकर्मी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बनकर विभिन्न इलाकों में पहुंच रहे हैं और वोटर कार्ड बनवाने के बहाने संदिग्ध लोगों की तलाश कर रहे हैं। इस रणनीति के तहत पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है।

बताते चलें कि इस संबंध में कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सकवाई निवासी राजू शर्मा पुत्र स्वर्गीय कप्तान लाल द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित के अनुसार उनका भाई राजेश शर्मा बीते 17 वर्षों से रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस में कैश कलेक्शन का कार्य कर रहा है और विभिन्न निजी कंपनियों से नकदी एकत्र कर बैंकों में जमा करता है।

पीड़ित के मुताबिक 15 दिसंबर को राजेश शर्मा निजी कंपनियों के कार्यालयों से नकदी एकत्र करने के बाद घूमना स्थित सेंट्रल बैंक में रकम जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवीन मंडी रोड स्थित गुंजन विहार कॉलोनी के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।

जब राजेश शर्मा ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से राजेश शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर नकदी से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेश शर्मा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बने हुए हैं।

अब पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड के खुलासे के लिए बीएलओ बनकर इलाके में छानबीन शुरू की है। पुलिसकर्मी मतदाता सूची सुधार, नए वोटर कार्ड बनवाने और सत्यापन के नाम पर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को कई ऐसे लोग मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और लूट व गोलीकांड में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से व्यापारियों और कैश कलेक्शन कर्मियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से हर पहलू पर गहनता से पूछताछ कर रही है और वारदात में प्रयुक्त बाइक व हथियारों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Next Story