उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: सड़क हादसे में एक घायल, जिला अस्पताल रेफर

Admindelhi1
16 Feb 2026 4:46 PM IST
Farrukhabad: सड़क हादसे में एक घायल, जिला अस्पताल रेफर
x

फर्रुखाबाद: शमशाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब ढाई घाट–शमशाबाद मार्ग पर पुल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा भी चोटिल बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी नितिन कुमार (35) पुत्र धर्मपाल एक शादी समारोह में शामिल होने शमशाबाद आए थे। समारोह नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित था। सोमवार सुबह नितिन कुमार अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। उनके परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनके पीछे-पीछे आ रहे थे।

बताया गया है कि जैसे ही नितिन कुमार ढाई घाट–शमशाबाद मार्ग पर पुल के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर पुलिस और डायल 108 पर एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल नितिन कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. अलीम अंसारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

शमशाबाद थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात बाइक सवार की पहचान करने में भी जुटी है।

Next Story