उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई नहीं, आख्या अटकी

Admindelhi1
2 April 2026 3:09 PM IST
Farrukhabad: एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई नहीं, आख्या अटकी
x

फर्रुखाबाद: सदर तहसील क्षेत्र के कमालगंज नगर पंचायत स्थित ग्राम महरूपुर रावी में कृषि भूमि पर अवैध तरीके से प्लाटिंग कर विक्रय किए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत फर्रुखाबाद को अनुस्मारक पत्र जारी कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी सुशील गुप्ता ने 17 फरवरी 2026 को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि कुछ लोग बिना किसी स्वीकृत ले-आउट के अवैध रूप से प्लाटिंग कर भूखंडों की बिक्री कर रहे हैं । इस पर एसडीएम कार्यालय ने 17 फरवरी को ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

हालांकि, एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई आख्या प्रस्तुत नहीं की गई। इस बीच 24 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता पुनः एसडीएम कार्यालय पहुंचा और अवगत कराया कि न तो अब तक कोई कार्रवाई हुई है और न ही अवैध प्लाटिंग का कार्य रुका है। उसके अनुसार अभी भी भूखंडों की बिक्री जारी है, जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी (सदर) ने अनुस्मारक पत्र जारी करते हुए अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को निर्देशित किया है कि प्रकरण की तत्काल जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। एसडीएम रजनीकांत ने बताया कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story