उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: भीषण सर्दी में राहत के लिए नगर पालिका ने अलाव जलाए

Admindelhi1
19 Dec 2025 3:01 PM IST
Farrukhabad: भीषण सर्दी में राहत के लिए नगर पालिका ने अलाव जलाए
x

फर्रुखाबाद: जिले में सर्दी ने अब भीषण रूप धारण कर लिया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते लोग आवश्यक कार्यों के अलावा घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। सुबह और देर शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं गरीब, मजदूर और राहगीरों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण सर्दी को देखते हुए नगर पालिका परिषद की ओर से राहत व्यवस्था शुरू की गई है। नगर पालिका द्वारा नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है, जिससे ठंड से राहत मिल सके। तिराहेबा चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव जलाए जा रहे हैं।

अलाव जलने से सुबह-शाम यात्रा करने वाले राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और यात्रियों को काफी राहत मिल रही है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर देर रात तक रुकने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था काफी सहायक साबित हो रही है। लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की है।

नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि सर्दी को देखते हुए अलाव जलाने की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर नगर के अन्य स्थानों पर भी अलाव जलवाए जाएंगे। इसके साथ ही ठंड से बचाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति सर्दी से बीमार न पड़े।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर पालिका इसी प्रकार अलाव और अन्य राहत कार्य जारी रखे तो ठंड के इस कठिन दौर में गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलेगी।

Next Story