- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: लोहिया...
Farrukhabad: लोहिया अस्पताल में ई-रिक्शा चालकों के कारण आवाजाही में रुकावट

फर्रुखाबाद: डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के मुख्य गेट पर अव्यवस्था का आलम लगातार बना हुआ है। यहां ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के चलते एंबुलेंस को अस्पताल परिसर में समय से प्रवेश नहीं मिल पा रहा है, जिससे गंभीर मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर ई-रिक्शा चालक मनमाने ढंग से अपने वाहन खड़े कर देते हैं। स्थिति यह हो जाती है कि जब तक ई-रिक्शा नहीं हटते, तब तक एंबुलेंस को बाहर ही खड़ा रहना पड़ता है। कई बार तो मरीजों को स्ट्रेचर पर उतारकर अंदर ले जाने में भी देरी हो जाती है, जो उनकी जान के लिए खतरा बन सकती है।
स्थानीय लोगों और तीमारदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार अस्पताल प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की अनदेखी के चलते स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।





