उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: बदमाशों ने कार सवारों को रोकने की कोशिश की

Admindelhi1
17 March 2026 1:41 AM IST
Farrukhabad: बदमाशों ने कार सवारों को रोकने की कोशिश की
x

फर्रुखाबाद: थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने सड़क पर लकड़ी डालकर कार सवारों को रोकने की कोशिश की और उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में कार के शीशे टूट गए, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक तमंचा और टॉर्च बरामद की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार गांव सवितापुर बिहारीपुर निवासी शिवशरण राजपूत अपने गांव के ही रामनरेश, बादाम सिंह और श्यामपाल के साथ एटा जिले के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव खड़ौआ में एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन की दावत में शामिल होने गए थे। देर रात करीब साढ़े बारह बजे सभी लोग कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

जब उनकी कार कम्पिल-अलीगंज मार्ग पर बरखेड़ा नहर पटरी के पास पहुंची तो सड़क पर मोटी लकड़ियां पड़ी हुई दिखाई दीं। कार चला रहे शिवशरण ने गाड़ी रोक दी और बादाम सिंह को लकड़ियां हटाने के लिए नीचे उतारा। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने अचानक कार पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में कार पर तीन से चार गोलियां लगीं, जिससे कार के शीशे टूट गए। अचानक हुई इस घटना से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। इसी दौरान युवकों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उससे हाथापाई भी हुई, जिसमें शिवशरण के मुंह और होठ पर चोट लग गई।

हाथापाई के दौरान युवकों ने बदमाश के पास से तमंचा और टॉर्च छीन ली। हालांकि अन्य बदमाश दूर से फायरिंग करते हुए अपने साथी को छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके से एक तमंचा बरामद कर लिया है। पीड़ित पक्ष ने सोमवार सुबह थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि कार सवार युवकों ने फायरिंग का आरोप लगाया है। घटना संज्ञान में है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Next Story