- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farrukhabad: सपा...
Farrukhabad: सपा प्रदेश अध्यक्ष से पूर्व ब्लॉक प्रमुख की बैठक

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेपुर सुबोध यादव (Subodh Yadav) ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को जिले की राजनीति में सक्रिय वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। भेंट के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सुबोध यादव ने बताया कि प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर मजबूत और सक्रिय संगठन खड़ा करना है, ताकि जन-जन की आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।
बैठक में आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर भी मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार, सुबोध यादव एक बार फिर जिला पंचायत चुनाव में अपनी राजनीतिक दखल मजबूत करने की तैयारी में हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएंगे और समाजवादी विचारधारा को मजबूत करेंगे।
सुबोध यादव ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में पुनः मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और उसी के आधार पर आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम की उम्मीद है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद फर्रुखाबाद की सियासत में हलचल तेज होना तय है और जिला पंचायत चुनाव में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।





