उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: अनियंत्रित कार की टक्कर से लाखों का नुकसान

Admindelhi1
20 Feb 2026 1:59 PM IST
Farrukhabad: अनियंत्रित कार की टक्कर से लाखों का नुकसान
x

फर्रुखाबाद: मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार बिजली के खंभों से जा टकराई। भीषण टक्कर के चलते बिजली का खंभा और ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि गनीमत यह रही कि कार सवार दोनों युवक मामूली रूप से घायल हुए और किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे युवक

घायलों की पहचान विक्रम कुमार (21) पुत्र नीरज कुमार तथा योगेश कुमार (22) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम रामनगर, थाना दादो, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपनी कार (UP 14 CX 9453) से अलीगढ़ से मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत सुमन गार्डन, नेकपुर खुर्द में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया।

हादसे से मची अफरातफरी

दुर्घटना अर्रा पहाड़पुर सब्जी मंडी के ठीक सामने हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा और ट्रांसफॉर्मर टूटकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जसमई फीडर की आपूर्ति बाधित होने से शहर का बड़ा हिस्सा कई घंटों तक अंधेरे में डूबा रहा। स्थानीय लोगों को रात में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहन की हालत देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस ने दिखाई तत्परता

घटना की सूचना मिलते ही बीबीगंज चौकी के कांस्टेबल सौरभ और नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बिजली विभाग जुटा मरम्मत में

हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त खंभों व ट्रांसफॉर्मर को बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Next Story