उत्तर प्रदेश

Farrukhabad; सड़क हादसे में जुगाड़ गाड़ी सवार की मौत

Admindelhi1
25 March 2026 4:20 PM IST
Farrukhabad; सड़क हादसे में जुगाड़ गाड़ी सवार की मौत
x

फर्रुखाबाद: जनपद में एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। कायमगंज क्षेत्र में जुगाड़ गाड़ी और आलू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव प्रेम नगर निवासी राजेश कोरी पुत्र हरपाल मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार को वह अपने अन्य साथियों के साथ काम खत्म कर जुगाड़ गाड़ी पर सवार होकर घर लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही जुगाड़ गाड़ी कंपिल-कायमगंज मार्ग पर पहुंची, उसी दौरान पीछे से आ रहे आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर जुगाड़ गाड़ी से हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जुगाड़ गाड़ी पर बैठे राजेश कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Next Story