उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: बदलते मौसम से मरीजों की संख्या में उछाल

Admindelhi1
24 Dec 2025 1:25 PM IST
Farrukhabad: बदलते मौसम से मरीजों की संख्या में उछाल
x

फर्रुखाबाद: लिंजीगंज चिकित्सालय में बदलते मौसम का सीधा असर मरीजों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 70 से 80 मरीज उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी में लगातार भीड़ बनी हुई है।

अस्पताल में आने वाले मरीजों में बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, एलर्जी, सिरदर्द और बदन दर्द जैसी मौसमी बीमारियों की शिकायतें सबसे अधिक सामने आ रही हैं। ओपीडी में तैनात चिकित्सक डॉ. ऋषिनाथ गुप्ता, डॉ. अपर्णा यादव एवं डॉ. कमर रजा द्वारा मरीजों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांच भी कराई जा रही है, ताकि बीमारी का सही कारण पता चल सके और समय पर उचित इलाज दिया जा सके।

डॉ. ऋषिनाथ गुप्ता ने बताया कि सर्दी के मौसम में इस प्रकार की बीमारियों के मरीजों की संख्या स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। चिकित्सालय में आयुष्मान योजना के अंतर्गत इलाज की सुविधा के साथ-साथ एक्स-रे, डेंटल, ईसीजी, शुगर और बीपी जांच जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।

फार्मासिस्ट परितोष अवस्थी ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पहले प्रतिदिन ओपीडी में लगभग 50 मरीज आते थे, लेकिन सर्दी बढ़ने के साथ यह संख्या अब 70 से 80 के बीच पहुंच गई है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों की जरूरी जांच कर उन्हें समुचित दवाएं दी जा रही हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बदलते मौसम में गर्म कपड़े पहनें, खानपान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।

Next Story